पटना। बिहार के अधिकतर जिलों में 19 जुलाई से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। यह अगले तीन से चार दिनों तक जारी रहेगी। बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव का क्षेत्र 14 जुलाई से बनने का अनुमान है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को पूर्वानुमान के अनुसार धान रोपनी की तैयारी करने की सलाह दी है।
बिहार के अधिकतर भागों में मानसून की गतिविधि फिलहाल कमजोर है। 13 जुलाई तक राज्य में मानसूनी वर्षा अपने सामान्य स्तर से 38 फीसदी कम रही है। जुलाई माह में बारिश सामान्य स्तर से 86 प्रतिशत कम हुई है।
13 जुलाई को सभी जिलों का अधिकतम तापमान 35.8 से 38.8 सेल्सियस एवं सापेक्षिक आर्द्रता 20 से 82 के बीच रही। पटना का अधिकतम तापमान 37.9 एवं सापेक्षिक आर्द्रता 54 दर्ज की गई।