मुख्य समाचार

तड़ित चालक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाएं : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों के सरकारी भवनों पर तड़ित चालक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि निजी भवनों पर तड़ित चालक लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। सभी सरकारी स्कूल, पंचायत भवन, प्रखंड, अंचल एवं अनुमंडल कार्यालयों पर भी तड़ित चालक की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री राज्य में हो रही वज्रपात की घटनाओं पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने जिलों में विशेष निगरानी रखें और अभियान चलाकर लोगों को सचेत करें। जिन क्षेत्रों में वज्रपात की पूर्व सूचना प्राप्त हो, उन इलाकों में तत्काल इसकी जानकारी टीवी, सोशल मीडिया, एसएमएस, मोबाइल, रेडियो सहित अन्य माध्यमों से दी जानी चाहिए। वज्रपात से हुई मौत पर मृतक के आश्रित को चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का प्रावधान है। इसे समय पर पीड़ित परिजनों को उपलब्ध कराएं।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बिहार में पिछले पांच वर्षों की तुलना में इस वर्ष वज्रपात से होनेवाली मौत की घटनाओं में कमी देखी गई है। जून 2020 में वज्रपात से राज्य में जहां 144 लोगों की मौत हुई थी, वहीं जून 2021 में यह संख्या 92 थी। इस साल अब तक यह संख्या घटकर 74 हो गई है।

उन्होंने बताया कि लोगों के बीच संभावित वज्रपात की पूर्व सूचना एवं उसके खतरों के प्रति लोगों को आगाह करने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके मद्देनजर एडवाइजरी भी जारी की गई है। एडवाइजरी के जरिए लोगों को सचेत किया जा रहा है कि संभावित वज्रपात के समय खुले मैदान में खड़ा नहीं रहें और किसी पेड़ के नीचे शरण न लें। ऐसी परिस्थिति में आसपास के पक्के भवन में ही शरण लेना सुरक्षित रहेगा।

 


संबंधित खबरें