पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस (सात अगस्त) के अवसर पर बिहार के बुनकरों के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे। राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण एवं स्वास्थ्य मंत्री के साथ राज्य के विभिन्न जिलों से आए बुनकर शामिल होंगे।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बताया कि राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस पर बिहार के बुनकरों को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं होंगी। राज्य के औद्योगीकरण के साथ बुनकर और पारंपरिक उद्योग से जुड़े लोगों के हित के प्रति भी राज्य सरकार गंभीर है।
हैंडलूम सेक्टर में 70 प्रतिशत से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं। इसलिए ग्रामीण इलाकों की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य में हैंडलूम को प्रोत्साहित करना जरूरी है। प्रदर्शनी और मेलों के जरिए मेड इन बिहार उत्पादों को प्रोत्साहित किया गया है। इससे बुनकरों को काफी लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि हैंडलूम सेक्टर आजादी के पहले से ही देश के ग्रामीण क्षेत्र और छोटे-छोटे शहरों में रोजगार के साधन उपलब्ध कराता रहा है। 7 अगस्त, 1905 को शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने में हैंडलूम और बुनकरों का काफी योगदान रहा है।