पटना। 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर गांधी मैदान में कृषि विभाग की झांकी को पहला स्थान मिला। सात निश्चय दो के अंतर्गत हर खेत को पानी के लिए पक्का चेक डैम निर्माण के लिए झांकी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बिहार अग्निशमन सेवा की झांकी को दूसरा एवं बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् की झांकी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
मीठापुर स्थित कृषि भवन में झंडोत्तोलन के बाद कृषि विभाग के सचिव डॉ एन.सरवण कुमार ने कहा कि देश को एक मजबूत अर्थव्यवस्था देने में किसानों की अहम भूमिका है। कोरोना महामारी के बावजूद किसानों ने खाद्यान्न उत्पादन में कमी नहीं होने दी।

खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में कृषि से जुड़े सभी लोगों ने अपना सहयोग दिया है। इस प्रदर्शन में सरकार की नीतियां काफी मददगार रही हैं। आज कृषि क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन एक बहुत बड़ी चुनौती है। यह सबसे ज्यादा गरीब और छोटे किसानों को प्रभावित करता है।
कृषि सचिव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सामना करने के लिए धान और गेहूं की प्रधानता वाली मौजूदा फसल प्रणाली में विविधता लाने की जरूरत है। बिहार इस दिशा में महत्वपूर्ण योजना क्रियान्वित कर रहा है।
कृषि विभाग में पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक करीब 15,000 प्रसार कार्यकर्ता और पदाधिकारी कार्यरत हैं। किसानों के हित में ये लगातार कार्य कर रहे हैं। आज जरूरत है कि हम सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर किसान एवं देश हित की बात सोचें।