मुख्य समाचार

बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर राज्य सरकार सजग

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर सजग है। हर स्थिति पर हमारी नजर है। गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर की लगातार जानकारी ली जा रही है। इस वर्ष अब तक पिछले वर्ष जैसी बाढ़ की स्थिति नहीं है।

बिहार के कुछ क्षेत्रों में सूखे की स्थिति है। अगर कोई इलाका बाढ़ या सूखे से प्रभावित है, तो वहां लोगों की सुरक्षा एवं मदद के लिए सभी कार्य किए जाएंगे। वैशाली जिला के राघोपुर प्रखंड से लौटने के दौरान मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। राघोपुर प्रखंड के रूस्तमपुर गांव में उन्होंने पूर्व मंत्री उदय नारायण राय उर्फ भोला राय को श्रद्धांजलि दी।

कच्ची दरगाह से मोटर वोट के जरिए राघोपुर पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा के जल स्तर का अवलोकन किया। उन्होंने समीप के दियारा क्षेत्र की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जल स्तर को ध्यान में रखते हुए अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी साथ में रहे।

 

 


संबंधित खबरें