मुख्य समाचार

देश के सबसे बड़े रबर डैम का सीएम ने किया शुभारंभ

गया। मोक्ष भूमि गया में बने देश के सबसे बड़े रबर डैम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की मदद से डैम का निर्माण फल्गु नदी में किया गया है। डैम की लागत 324 करोड़ रुपए है।

रबर डैम बन जाने से अब पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं को फल्गु नदी में पूरे वर्ष पानी उपलब्ध होगा। पहले फल्गु नदी में पानी खत्म हो जाने से काफी परेशानी होती थी। गया में नौ सितंबर से पितृपक्ष मेला शुरू हो रहा है। सीताकुंड जाने के लिए बने पुल का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने विष्णुपद मंदिर परिसर में पितृपक्ष मेला महासंगम 2022 का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। साथ ही तर्पण पुस्तिका का भी विमोचन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गया मोक्ष की भूमि है। यहां हर वर्ष पितृपक्ष मेले का आयोजन होता है। इस दौरान 15 दिन में छह से आठ लाख लोग यहां आते हैं। फल्गु नदी में रबर डैम एवं सीताकुंड जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का भी निर्माण कराया गया है। नदी में गिरने वाले नाले को रोक कर दूसरी तरफ इसका निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि गया, बोधगया, राजगीर और नवादा में हर घर तक गंगा जल पहुंचाने का लक्ष्य है। राजगीर में गंगा जल पहुंचा दिया गया है। इस साल के अंत तक गया एवं बोधगया में भी गंगा जल पहुंच जाएगा। पूर्वजों के पिंडदान के लिए गया आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार पूरी तरह प्रयासरत है।

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं संजय कुमार झा और जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें