मुख्य समाचार

एलपीसी के आधार पर किसानों को परेशान नहीं करे बैंक

पटना। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदन भू स्वामित्व प्रमाणपत्र (एलपीसी) के आधार पर पेंडिंग नहीं रहना चाहिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को यह सहायता मिल रही है, तो केसीसी देने में एलपीसी की क्या जरूरत है।

राज्यस्तरीय बैंकर्स की उप समिति की बैठक में पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री आफाक आलम ने बैंकरों को ये निर्देश दिए। वे कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संबंधित विषयों पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन के आधार पर ही योजना का लाभ उन्हें मिल रहा है। इस तरह किसानों को परेशान करने की जरूरत नहीं है।

पशुपालन मंत्री ने नए केसीसी आवेदन की प्रगति एवं ऋण वितरण की बैंकवार एवं जिलावार समीक्षा की। बैंकों को अपने कार्य-कलापों में सुधार लाने एवं किसानों को अधिक से अधिक ऋण देने का निर्देश दिया। कृषि आधारभूत संरचना निधि ;एआईएफद्ध योजनांतर्गत लंबित आवेदनों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने इस योजना को उच्च प्राथमिकता देेने एवं किसान क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन सृजित करने पर बल दिया।

बैठक में कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश, पशुपालन निदेशक विजय प्रकाश मीणा, उद्यान निदेशक नंद किशोर, वित्त विभाग की संयुक्त सचिव अभिलाषा शर्मा, एसएलबीसी के संयोजक एपी झा समेत कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें