पटना। बिहार में कार्यरत उद्योगों को सरकारी खरीद में प्राथमिकता मिलेगी। इसके लिए पॉलिसी बन रही है। बिहार इन्वेस्टर्स मीट 2022 के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निवेशकों से कहा कि आप बिहार में उद्योग लगाने के लिए आ रहे हैं। हम आपको इतना विश्वास दिलाते हैं कि आपकी हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। जहां आप उद्योग लगाएंगे, वहां भी जाकर हम देखेंगे।
किसी तरह की दिक्कत होने पर डीएम और एसएसपी भी आपके संपर्क में रहेंगे। जब जरूरत होगी, तो आपके विचारों पर उद्योग विभाग गौर करेगा। इस तरह के आयोजन में जहां मेरी जरूरत होगी उपलब्ध रहूंगा। निवेशकों से मिले हर सुझावों पर गौर किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद दिग्गज : माइक्रोमैक्स बायोफ्यूल्स के एमडी राजेश अग्रवाल, अडानी लॉजिस्टिक्स के सीईओ एवं एमडी विक्रम जय सिंघानी, ओसवाल ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ऋषभ जायसवाल, टीवीएस लॉजिस्टिक्स एवं टीवीएस सप्लाई चेन के सीईओ रामनाथ सुब्रह्मण्यम, हाईस्पीड कॉमर्शियल वेंचर के सीईओ सिद्धार्थ मिश्रा एवं बीपीसीएल के मार्केटिंग डायरेक्टर एसके जैन।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इथेनॉल के लिए 17 यूनिट लगाने की अनुमति मिली है। हमलोग चाहते हैं कि इसे और बढ़ाया जाए। राज्य में इथेनॉल उत्पादन का काम शुरू हो गया है। कई निवेशक आ रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर और बढ़ेंगे। देश के विभिन्न हिस्सों एवं विदेशों में भी बिहार का सामान जा रहा है।
बियाडा की भूमि पर ग्रेड ए वेयर हाऊस आपलोग लगा सकेंगे। राज्य सरकार लॉजिस्टिक पॉलिसी लाएगी। जमीन की दर घटाई गई है। वहां तक आवागमन की सुविधा भी सुलभ कराई जाएगी। उद्योग लगानेवालों को अगर स्थानीय स्तर पर कोई तंग करता है, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों से हमने कहा है कि कोई भी कहीं इंडस्ट्री लगाए, तो उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में विकास के काफी काम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन सतर्क है।
उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक ने इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्यूनिटी इन बिहार विषय पर विस्तृत जानकारी दी। इन्वेस्टमेंट पॉलिसी इन बिहार पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी एस.के.सिंघल, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह एवं अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने भी संबोधित किया।