मुख्य समाचार

कृषि विभाग में 9000 पदों पर होगी बहाली : मंत्री

पटना। कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि विभाग में रिक्त नौ हजार पदों को भरना मेरी प्राथमिकता होगी। धान की खेती जहां नहीं हो सकी है, वहां वैकल्पिक फसल की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रभावित किसानों को हरसंभव मदद मिलेगी। केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर समय से खाद की आपूर्ति की जाएगी।

कृषि विभाग का कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंत्री सर्वजीत ने यह जानकारी दी। निवर्तमान कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के इस्तीफे से पहले सर्वजीत पर्यटन विभाग का काम देख रहे थे। पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव को मिला है।

कृषि मंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद डीजल अनुदान में अतिरिक्त एक सौ करोड़ रुपए की मांग से संबंधित पहली संचिका मंत्रिपरिषद् की बैठक के लिए अनुमोदित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है।

समय से बीज की आपूर्ति और 25 नवंबर तक सभी पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक भी शामिल होंगे। चौथे कृषि रोड मैप के लिए कृषि वैज्ञानिक एवं किसानों से व्यापक विचार-विमर्श होगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि दक्षिण बिहार के शुष्क क्षेत्रों में बागबानी बढ़ाने के लिए विशेष कार्य किया जाएगा। ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए डिजिटल कृषि को बढ़ावा, कृषि अनुसंधान और शिक्षा को प्रोत्साहित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार कृषि कॉलेज भी खोले जाएंगे।

कृषि विभाग के सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की की जानकारी कृषि मंत्री को दी। इस अवसर पर विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय एवं विजय कुमार, कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश, उद्यान निदेशक नंद किशोर, संयुक्त सचिव शैलेंद्र कुमार, बसोका निदेशक सुनील कुमार पंकज एवं भूमि सरंक्षण निदेशक बेंकटेश नारायण सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

 

 


संबंधित खबरें