मुख्य समाचार

किसानों की सहायता के लिए सरकार प्रतिबद्ध

पटना। राज्य सरकार किसानों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। अक्टूबर माह में अधिक बारिश के कारण कई जिलों में फसल को नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रभावित जिलों में फसल क्षति का आकलन, पीड़ित किसानों की सहायता एवं आकस्मिक फसल योजना के तहत सभी किसानों को बीज वितरण का निर्देश दिया है।

बिहार में अनियमित बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति में राज्य सरकार हर वर्ष प्रभावित लोगों की मदद करती है। धान की सिंचाई के लिए बचे आवेदकों को डीजल अनुदान का लाभ तेजी से दिलाएं।

आपदा प्रबंधन सह जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने जिलावार धान रोपनी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीजल अनुदान योजना के अंतर्गत 11 लाख 22 हजार 797 हजार आवेदन मिले हैं। इनमें 6 लाख 67 हजार 42 आवेदकों के खाते में 96.31 करोड़ राशि भेज दी गयी है। शेष आवेदनों की जांच के बाद राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।

आकस्मिक फसल योजना के तहत वितरित बीज का लाभ अब तक 80 प्रतिशत किसानों ने लिया है। बैठक में वित्त मंत्री, जल संसाधन, कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री, मुख्य सचिव एवं संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें