पटना। बिहार के 81,60,000 किसानों को 1632 करोड़ रुपए मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त के रूप में यह राशि खातों में भेजी गई है। किसानों को इसके अलावा बकाया नौ करोड़ राशि भी मिली है।
किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार से प्रायोजित है। योजना एक दिसंबर, 2018 से लागू है। सभी रैयत किसान परिवार (पति, पत्नी और अवयस्क बच्चे) जिनके नाम से कृषि योग्य जमीन एवं जमाबंदी है, उन्हें सहायता प्रदान की जाती है।
योजना का उद्देश्य किसानों को खेती के सामान खरीदने में वित्तीय मदद प्रदान करना है। किसान परिवार को सहायता राशि के रूप में प्रतिवर्ष छह हजार रुपए मिलता है। प्रत्येक चार माह पर दो हजार राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है।