मुख्य समाचार

विकास आयुक्त ने सीएम को भेंट की अपनी किताब

पटना। विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह ने अपनी किताब बिहार का पुरातात्विक एटलस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेंट की। इस किताब से बिहार के दीर्घकालीन, व्यापक एवं जटिल धरोहर की  प्रामाणिक जानकारी मिल सकेगी।

बिहार विरासत विकास समिति से प्रकाशित किताब अंग्रेजी और हिंदी में है। किताब चार सौ पेज की है। इसमें 802 छायाचित्र और 21 मानचित्र हैं। एटलस में प्रदर्शित सभी मानचित्र सर्वे ऑफ इंडिया से अनुमोदित है।

बिहार का पुरातात्विक एटलस (आर्कियोलोजिकल एटलस ऑफ बिहार) राज्य में पुरातात्विक धरोहर संबंधित प्रकाशन के क्षेत्र में एक अनूठा प्रयास है। बिहार की पुरातात्विक धरोहर को समझ पाना एक दुरुह कार्य रहा है। बहुरंगी मानचित्र इस तरह से तैयार किए गए हैं कि विभिन्न काल-खंडों में बनती-बिगड़ती संस्कृती और सभ्यताओं के परिवर्तन क्रम को आसानी से समझा जा सकता है।

पुस्तक को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है। संघ संरक्षित पुरास्थल, राज्य संरक्षित पुरास्थल एवं ऐसे स्थल जो सुरक्षित घोषित नहीं किए गए हैं। अन्य श्रेणी के पुरास्थल एवं स्मारकों के विवरणों को आधुनिक प्रशासनिक प्रमंडल की इकाइयों के अंतर्गत रखा गया है। इसके साथ ही पुरास्थल एवं स्मारकों को उनके कालानुक्रम के अनुसार चिह्नित कर मानचित्रों में दर्शाया गया है।

 

 


संबंधित खबरें