पटना। गर्दनीबाग में निर्मित वित्त भवन का उद्घाटन वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया। भवन की लागत 19.28 करोड़ है। उद्घाटन के बाद वित्त मंत्री ने बताया कि वित्त विभाग के अंतर्गत भविष्य निधि एवं अंकेक्षण निदेशालय सहित कई कार्यालय अलग-अलग जगहों पर थे। राज्य में विकास की रफ्तार से कार्यालयों में काम बढ़ा है। सुविधा के ख्याल से वित्त विभाग के तहत संयुक्त निदेशालय भवन का निर्माण कराया गया है।

वित्त भवन के नाम से इस चार मंजिले भवन में भविष्य निधि निदेशालय, वित्त अंकेक्षण निदेशालय, अभिलेख रूम, मीटिंग हॉल सहित कैंटीन, ऑफिसर लाउंज, सुरक्षा रूम एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था है। वित्त मंत्री ने निर्धारित समय पर भवन को तैयार करने के लिए अधिकारियों को बधाई दी। भवन निर्माण विभाग के सचिव ने वित्त मंत्री को मैला आंचल पुस्तक भेंट की।
इस मौके पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, अपर मुख्य सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ, भवन निर्माण सचिव कुमार रवि, संयुक्त सचिव अभिलाषा शर्मा, भविष्य निधि निदेशक नीलम चौधरी, अंकेक्षण निदेशक मुकेश लाल सहित वित्त एवं भवन निर्माण विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।