मुख्य समाचार

बिल्डिंग कांग्रेस में विशेषज्ञों के अनुभव का लाभ उठाएं

पटना। इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस की 101वीं गवर्निंग काउंसिल मीट में आए विशेषज्ञों के अनुभव का लाभ उठाने की सलाह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी है। ज्ञान भवन में सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यहां 20 शहरों से विशेषज्ञ आए हैं। हम अपने अधिकारियों से कहेंगे कि आपकी बात पूरी गंभीरता से सुनें और आपके अनुभव का फायदा उठाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार गरीब राज्य है। इसके बावजूद यहां काफी काम हुआ है। बिहार की कुछ जगहों को आपलोग जरूर देखिए। इससे पता चलेगा कि यहां कैसी बिल्डिंग बन रही है। आपलोग विशेषज्ञ भी हैं। इसलिए आपकी सलाह से बहुत लाभ होगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के बने बिहार म्यूजियम और सरदार पटेल भवन को जरूर देखिए। नौ रिक्टर स्केल तक सरदार पटेल भवन को कुछ नहीं हो सकता है। इस जगह से पुलिसिंग के साथ आपदा प्रबंधन का भी काम हो रहा है। यहां रहने पर सात दिनों तक कोई दिक्कत नहीं होगी। जरूरत के सभी इंतजाम किए गए हैं।

कार्यक्रम में अरुण सिंह की किताब पटना वास्तुकला का इतिहास और कथाएं एवं इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस स्मारिका का भी विमोचन किया गया। इस मौके पर इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, संस्थापक अध्यक्ष ओपी गोयल एवं बिल्डिंग कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मित्तल समेत कई लोग  मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें