बक्सर/सासाराम। केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार की दो सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और एक पुल निर्माण का शिलान्यास किया। तीनों परियोजनाओं की लागत 3600 करोड़ है।
एनएच 922 पर बने चार लेन के कोईलवर से भोजपुर (44 किलोमीटर) एवं भोजपुर से बक्सर (48 किलोमीटर) सड़क निर्माण की लागत 3390 करोड़ रुपये है। रोहतास जिले के नौहट्टा में सोन नदी पर पंडुका के समीप पुल निर्माण का शिलान्यास किया गया। 1.5 किलोमीटर लंबे दो लेन के एलिवेटेड आर.सी.सी. पुल का लागत 210 करोड़ रुपये है।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, झारखंड के पलामू से सांसद विष्णु दयाल राम, सासाराम से सांसद छेदी पासवान, बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद एवं विधायक मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बक्सर में कहा कि एनएच-922 पर बनी सड़क से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी आसान होगी। इससे बिहार से लखनऊ होते हुए दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने में लगने वाला 15 घंटे का समय अब घटकर दस घंटे हो जाएगा।
इस सड़क से आरा में ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान होगी। बक्सर में गंगा नदी पर पुल बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात और सुगम हो जाएगी।
रोहतास जिले के नौहट्टा में गडकरी ने कहा कि सोन नदी पर पुल के निर्माण से एनएच 19 और एनएच 39 सीधे जुड़ जाएंगे। पुल बनने के बाद बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच यातायात सुगम हो जाएगा।
वर्तमान में रोहतास जिले के पंडुका और गढ़वा (झारखंड) जिले के श्रीनगर गांव पहुंचने के लिए 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। एलिवेटेड पुल के निर्माण से क़रीब चार घंटे की बचत होगी। पुल की मदद से डेहरी पुल पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही औरंगाबाद तथा सासाराम शहरों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंडुका क्षेत्र में इस पुल के बनने से राज्यों के औद्योगिक, कृषि और डेयरी उत्पादों के बाजार तक पहुंच आसान होगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी।
