पटना। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने पटना में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में 392 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनकी नियुक्ति केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय एवं विभागों में की गई है। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए देश की 45 जगहों पर 71 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में रोजगार मेले का संचालन सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने किया था।
392 युवाओं की नियुक्ति सूचना और प्रसारण मंत्रालय, केनरा बैंक, एनवीएस, आईटीबीपी, सीआईएसफ, ईएसआईसी, रेलवे, सीजीडब्ल्यूबी, यूको बैंक, एसएसएफ, एआर एंड एसएसबी, एसएसबी, एनबीसीसी, एम्स पटना, पीएनबी, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक में हुई है।

रोजगार मेले में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार मेला का उद्देश्य हर घर को रोजगार और हर घर का चूल्हा जले है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर अगले एक साल में मिशन मोड में दस लाख नियुक्ति का निर्णय ऐतिहासिक है। खासकर यह युवाओं के लिए हितकारी है। इस निर्णय से युवाओं में आशा और उत्साह का संचार हो रहा है। 10 लाख नियुक्ति के लक्ष्य को पूरा करने का लिए हर माह लगभग 75 हजार युवाओं की नियुक्ति का सिलसिला अगले एक साल तक चलेगा।
इस मौके पर एसएसबी के आईजी पंकज कुमार दाराद, पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह, पीआईबी पटना के अपर महानिदेशक एस. के. मालवीय, इंटेलिजेंस ब्यूरो के संयुक्त निदेशक मनमीत सिंह नारंग, एम्स पटना के निदेशक प्रो. डॉ. गोपाल कृष्ण पाल, सीआरपीएफ के डीआईजी रवींद्र भगत समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
