पटना। गांधी मैदान में पटना हाफ मैराथन का आयोजन 27 नवंबर को हो रहा है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित धाविका हिमा दास हाफ मैराथन की ब्रांड एंबेसेडर हैं। ओलंपिक एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज, कई नामचीन खिलाड़ी एवं विशिष्ट व्यक्ति भी इसमें भाग लेंगे। मैराथन में लगभग सात हजार प्रतिभागी शामिल होंगे।
नशा सेवन के दुष्प्रभावों से लोगों को सजग करने के लिए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने मैराथन का आयोजन किया है। इस मौके पर ज्ञान भवन में 25 नवंबर की दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे एवं 26 नवंबर की सुबह 10.30 बजे से शाम पांच बजे तक एक्सपो लगाया जाएगा।
मैराथन के सफल आयोजन के लिए पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने रूट मैप के अनुसार यातायात प्रबंधन, एंबुलेंस, सफाई, मोबाइल टॉयलेट, वाटर एटीएम एवं पानी टैंकर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से 27 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा। गांधी मैदान के गेट नंबर एक से मैराथन शुरू होगा। यह निर्धारित दूरी के अनुसार जेपी गंगा पथ, खास महल दीघा दियारा, अटल पथ, इंदिरा नगर एवं वापस राजीव नगर, दीघा पहलेजा जेपी सेतु रोड, जेपी गंगा पथ, गोलघर, गांधी मैदान गेट नंबर एक पर संपन्न होगा। गांधी मैदान में प्रतिभागियों का प्रवेश गेट नंबर 4 एवं 12 से होगा।
पटना हाफ मैराथन के आयोजक के प्रतिनिधि सुनील शेट्टी ने बताया कि पटना हाफ मैराथन में तीन श्रेणियों में प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिभागियों ने ऑनलाईन एवं ऑफलाईन निबंधन कराया है। पुरस्कार में 23 लाख रुपये से अधिक राशि वितरित की जाएगी। बैठक में उत्पाद आयुक्त, डीएम, नगर आयुक्त, सिटी एवं ट्रैफिक एसपी, सदर एसडीओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।