गया। बोधगया के नौ एवं गया नगर निगम के 53 वार्ड में हर घर गंगाजल आपूर्ति योजना शुरू हो गई है। प्रत्येक व्यक्ति को 135 लीटर पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोधगया के महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र से योजना का शुभारंभ किया। एक दिन पहले राजगीर में हर घर गंगाजल योजना शुरू हुई थी। गंगाजल पटना जिला के हथीदह से पाइपलाइन के जरिए राजगीर, गया एवं बोधगया आ रहा है। नवादा में गंगाजल की आपूर्ति 2023 में शुरू होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगाजल आपूर्ति योजना पर राज्य सरकार ने 4175 करोड़ राशि खर्च की है। इससे पेयजल का संकट नहीं रहेगा। गयाजी में लाखों लोग पूर्वजों के पिंडदान के लिए आते हैं। इसके लिए विष्णुपद मंदिर के समीप फल्गू नदी में गयाजी डैम का निर्माण कराया गया है। इससे तीर्थयात्रियों को काफी सुविधा हो रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जल का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं। योजना के बेहतर संचालन के लिए जनप्रतिनिधि लगातार निगरानी करें। इसके मेंटेनेंस पर भी विशेष ध्यान रखना है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने मानपुर में 186.5 एमएलडी जलशोधन संयंत्र और महाबोधि मंदिर परिसर, सीताकुंड एवं रामसागर तालाब में गंगाजल प्याऊ का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, सूचना एवं प्रावैधिकी मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री इसराइल मंसूरी, प्रधान सचिव आनंद किशोर एवं सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने भी संबोधित किया।