मधुर भंडारकर के निर्देशन में बनी फिल्म इंडिया लॉकडाउन दो दिसंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में चार मुख्य किरदारों की अलग-अलग कहानी है। इनके जरिए भारत में कोरोना महामारी के दौरान पहली बार लगे 21 दिन के लॉकडाउन की कहानी को बयां किया गया है।
इन किरदारों में एक नायिका आयशा एस. एमन पटना की रहने वाली हैं। फिल्म में वह सेक्स वर्कर का रोल प्ले कर रही हैं। उनके जरिए महामारी के दौरान सेक्स वर्करों की दुर्दशा पर फोकस किया गया है। जी फाइव ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया है।
2015 की मिस इंडिया इंटरनेशनल रही आयशा ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उन्होंने बताया कि फिल्म में मेरा किरदार मुंबई के कमाठीपुरा के वर्कर का है। अभिनेत्री शबाना आजमी की मंडी और चांदनी बार जैसी मूवी देखने के बाद इस फिल्म में किरदार निभाने में काफी सहायता मिली।
पटना निवासी आयशा बॉलीवुड में अपनी एंट्री को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इस फिल्म में अपने किरदार की लंबाई नहीं देखी, बल्कि यह देखा कि इसका सब्जेक्ट क्या है। यह फिल्म कोविड 19 की कहानी बताती है कि कैसे हर व्यक्ति ने अपनी तरह से इस महामारी का मुकाबला किया।
पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लगने के बाद कई लोग बेरोजगार हो गए थे। प्रवासी श्रमिकों को अपने घर लौटना पड़ा था। फिल्म में कई दर्दनाक अनुभवों को बयां किया गया है। आयशा को उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।