भागलपुर/कटिहार। भागलपुर एवं कटिहार जिलों में गंगा नदी से हो रहे कटाव का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जायजा लिया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिले के सबौर ब्लॉक के इंगलिश फरका, रंगरा चौक प्रखंड के झालूदास ज्ञानीदास टोला एवं जहांगीरपुर बायसी और कटिहार जिले के अमदाबाद ब्लॉक के झाबू टोला एवं मनिहारी ब्लॉक के बाघमारा गांव का निरीक्षण किया।
जल संसाधन विभाग के अभियंताओं ने ड्रोन के जरिए ली गई तस्वीर के आधार पर मुख्यमंत्री को कटाव की वास्तविक स्थिति की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानी बतायी।
मुख्यमंत्री ने बाघमारा में स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग को बाघमारा एवं मनिहारी में कटाव का डिटेल सर्वे कराने, कटावग्रस्त क्षेत्र में राहत कार्य शुरू करने, सोल कटिंग के साथ पुरानी धार की सफाई, महानंदा बांध के लिए तेजी से काम कराने एवं प्रमंडलीय आयुक्त, पूर्णिया को भू-अर्जन कार्य में तेजी लाने का निर्देश मिला।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।