पटना । बिहार के क्रिकेटर ईशान किशन ने भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरे वनडे सीरीज में धमाल कर दिया। चटगांव में किशन ने 131 गेंद में 210 रन की पारी खेली। उन्होंने 24 चौके और दस छक्के लगाए। भारत की ओर से वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले ईशान चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाया था।
ईशान किशन के पैतृक आवास नवादा और पटना में काफी खुशी है। नवादा में किशन की दादी सावित्री शर्मा और पटना में पिता प्रणव पांडेय एवं मां सुचित्रा सिंह ने मिठाइयां बांटीं। ईशान डीपीएस, पटना के छात्र रह चुके हैं।
24 वर्षीय ईशान ने सबसे कम गेंद में दोहरा शतक लगाने का भी रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। इस उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित है।
