छपरा/पटना। सारण जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मरने वालों मे सबसे अधिक मशरक एवं इसुआपुर प्रखंड से हैं। परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले मशरक क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने देसी शराब पी थी। इसके बाद से लोगों की तबीयत बिगड़़नी शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सड़क जामकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि स्थानीय पुलिस अगर सतर्क रहती, तो यह घटना नहीं होती।
छपरा शराबकांड को लेकर विधानसभा में भी काफी हंगामा हुआ। विपक्ष ने शराबबंदी कानून को विफल बताते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बीजेपी विधायकों से कहा अब बर्दाश्त नहीं करेंगे,चुप हो जाओ।
इस आचरण से नाराज नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री से माफी मांगने को कहा। बाद में विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।