पटना/कोलकाता। 25वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में बिहार से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एवं वित्तमंत्री विजय कुमार चौधरी शामिल हुए। कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पश्चिम बंगाल और झारखंड के मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के मंत्री भी मौजूद रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में क्षेत्रीय परिषद की बैठकों में एक हजार से अधिक विषयों पर चर्चा हुई। उनमें से 93 प्रतिशत मुद्दों को सुलझा लिया गया है। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह सभी राज्य सरकार, केंद्रीय मंत्रालय और विभागों के सहयोग से हो सका है। इसमें अंतर-राज्य परिषद सचिवालय की सक्रिय भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वी क्षेत्र के राज्यों में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए काफी काम किया है। प्रधानमंत्री की गतिशक्ति योजना की परिकल्पना में बड़ा हिस्सा पूर्वी क्षेत्र के राज्यों का है। अगले 25 वर्षों में देश के पूर्वी क्षेत्र का भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
देश के पूर्वी क्षेत्र में वामपंथ उग्रवाद लगभग समाप्त हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि ऐसे प्रयास होने चाहिए कि वामपंथ उग्रवाद राज्यों में दोबारा न पनपे। उन्होंने आग्रह किया कि सभी मुख्यमंत्री नारकोटिक्स की रोकथाम के लिए एनसीओआरडी तंत्र की ज़िला स्तरीय संरचना और उसकी नियमित बैठक करें।
आज देश में मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है। ड्रग्स के विरूद्ध अभियान में और तेज़ी लाने की ज़रूरत है। अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से अगले एक साल तक उनके राज्यों में होने वाले विभिन्न जी-20 संबंधित कार्यक्रमों के दौरान राज्यों की सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन स्थलों को विश्व के सामने रखने का भी अनुरोध किया।