मुख्य समाचार

खाद आपूर्ति के लिए केंद्रीय उर्वरक मंत्री से मिलेंगे सर्वजीत

पटना। बिहार में समय पर खाद (उर्वरक) की आपूर्ति के लिए राज्य के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री से शीघ्र मिलेंगे। इसके लिए उन्होंने मंत्रालय से समय मांगा है। कई जिलों में खाद की कमी से किसान परेशान हैं। इस कारण खेती का काम बाधित हो रहा है।

बिहार में खाद की स्थिति की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में किसान गेहूं का पटवन कर रहे हैं। पहले पटवन के तुरंत बाद किसानों को यूरिया की जरूरत होती है। ऐसी स्थिति में यूरिया की मांग अधिक है। यूरिया उपलब्ध नहीं होने पर पिछले साल की तरह इस बार भी विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। यह राज्य हित में नहीं है।

कृषि मंत्री ने कहा कि आवंटन रहने के बावजूद बिहार को जरूरत के अनुसार यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध नहीं मिल रहा है। वर्ष 2022-23 के रबी मौसम में 19 दिसंबर तक यूरिया 63 प्रतिशत, डीएपी 84 प्रतिशत एवं एमओपी 55 प्रतिशत की आपूर्ति की गई है। इसी तरह खरीफ मौसम में यूरिया 94 प्रतिशत, डीएपी 75 प्रतिशत एवं एमओपी 59 प्रतिशत की आपूर्ति हुई थी।

वर्ष 2022-23 के रबी मौसम में बिहार को आयातित यूरिया भी मिला है। अक्टूबर में आवंटन का पांच प्रतिशत, नवंबर में 35 प्रतिशत एवं दिसंबर में 52 प्रतिशत आपूर्ति की गई है। इससे स्पष्ट है कि रबी 2022-23 में आयातित यूरिया की उपलब्धता मात्र 35 प्रतिशत हो सकी है। इस कारण रबी मौसम में यूरिया की उपलब्धता काफी कम रही।

कृषि मंत्री ने बताया कि 2019-20 एवं 2020-21 के रबी मौसम में खाद की उपलब्धता 2021-22 की तुलना में बेहतर थी। इस कारण उन वर्षों में राज्य में खाद की उपलब्धता को लेकर अधिक समस्या उत्पन्न नहीं हुई थी।

 

 


संबंधित खबरें