बेतिया। बिहार में समाधान यात्रा के बाद देश की यात्रा करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विचार करेंगे। बेतिया जिले से शुरू हुई समाधान यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि काफी दिनों से हम बिहार में काम करवा रहे हैं। हम चाहते हैं कि अगर कहीं कुछ पेंडिंग काम है तो, उसे पूरा करवा दें। हमें आगे भी विकास का काम करना है। समाधान यात्रा के बाद बिहार विधानसभा का बजट सत्र है। इसके बाद देश यात्रा को देखेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मकसद है कि सभी जिलों में जाकर देखें कि वहां पर कितना काम हुआ है। जो काम चल रहा है, उसमें कितना प्रोग्रेस हुआ है। काम पूरा करने में कोई बाधा तो नहीं है। अगर काम पूरा हो गया है तो आगे और क्या होना चाहिए। इन्हीं सब चीजों को देखने के लिए हम निकले हैं।
जो काम अभी पूरा नहीं हुआ है उसे लेकर हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है। एक से डेढ़ महीने के बाद हम सभी अधिकारियों से विकास कार्यों का जायजा लेंगे। समाधान यात्रा को लेकर की जा रही राजनीति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसको जो मन में आये वह बोले। हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है। हम कोई पहली बार नहीं घूम रहे हैं। पहले भी हम विभिन्न जगहों पर जाकर देखते रहे हैं।
दरुआबारी गांव भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री ने बगहा नगर परिषद अंतर्गत पारसनगर में गंडक नदी से हुए कटाव का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पारसनगर में बांध की ऊंचाई और अधिक बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि नदी तट के समीप रहनेवाले लोग सुरक्षित रह सकें।