शिवहर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बंद रीगा चीनी मिल को फिर से चालू कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मिल बंद होने से गन्ना किसानों को परेशानी हो रही है। मालिक मिल छोड़कर चले गये हैं। हमारी इच्छा है कि नये लोग इसे शुरू करें। चीनी मिल चालू कराने के लिए हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है।
गन्ना को दूसरी जगहों पर जाकर बेचने के लिए सरकार ने व्यवस्था की है। पहले काफी अच्छे से रीगा चीनी मिल चलती थी, लेकिन अब मालिक फरार हो गए हैं। समाधान यात्रा के दूसरे पड़ाव में मुख्यमंत्री शिवहर-सीतामढ़ी पहुंचे। विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।

जाति और आर्थिक स्थिति की मिलेगी जानकारी : बिहार में सात जनवरी से जाति आधारित गणना शुरू होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति की गणना सही ढंग से हो। इसके लिए कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई है। गणना कार्य में लगे सभी कर्मचारी हर घर जाकर एक-एक चीज की जानकारी लेंगे। कई बार लोग जाति की जगह अपनी उपजाति बता देते हैं। ऐसी स्थिति में उनके बगल में रहनेवाले व्यक्ति से जाति की जानकारी ली जायेगी।
अगर कोई व्यक्ति बाहर में रह रहा है तो उसके साथ भी कम्युनिकेशन ठीक ढंग से होनी चाहिए। इससे सही मायने में सभी जातियों की संख्या की गिनती हो सकेगी। इससे पूरे राज्य की जनसंख्या की गिनती हो जायेगी।
लोगों की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने से उनके विकास के लिए योजनाएं शुरू करने में मदद मिलेगी। इससे लोगों को फायदा मिलेगा और इलाके का विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी जातीय गणना होनी चाहिए। हमलोगों ने अपने स्तर से बिहार में इसे कराने का फैसला लिया है।
