पटना। बिहार में पड़ रही कड़ाके की ठंड से 12 जनवरी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। शीतलहर और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। नौ जनवरी को पटना, गया, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर एवं पूर्णिया समेत सभी जिलों का न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री एवं अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री रहा।
कोहरे के कारण सबसे कम विजिबिलिटी भागलपुर एवं फारबिसगंज में मात्र 25 मीटर रही। पटना एयरपोर्ट के समीप 50 मीटर, पूर्णिया में 70 मीटर एवं गया में 200 मीटर विजिबिलिटी रही। इसकी वजह सतह से छह किलोमीटर ऊंचाई तक ठंडी एवं घनी हवा का प्रवाह होना है।

ऐसी ही स्थिति दस और 11 जनवरी को भी रहेगी। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को पूरे राज्य में दो से तीन डिग्री सेंटीग्रेड तापमान की वृद्धि होगी। साथ ही कोहरे में भी कमी आएगी।
12 और 13 जनवरी के मौसम पूर्वानुमान में पूरे बिहार का अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री रहने की संभावना है।
शीतलहर का प्रभाव : खुले क्षेत्रों में सतह का तापमान पांच डिग्री तक गिर सकता है। इस कारण रेल पटरियों पर दरार पड़ने एवं घने कोहरे वाले क्षेत्रों में हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के ट्रिप होने की संभावना रहेगी।
