पटना के बाद दरभंगा में बने बिहार के दूसरे तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने तारामंडल के पहले शो वर्ल्ड ऑफ द यूनिवर्स पर आधारित वृत्तचित्र भी देखा।
विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दरभंगा शहर के कैदराबाद में तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। इसकी क्षमता 150 लोगों की है। 164.31 करोड़ की लागत से 3.88 एकड़ जमीन में तारामंडल का निर्माण किया गया है।
तारामंडल में सौर मंडल और खगोलीय घटनाओं की जानकारी 2-डी एवं 3-डी फिल्मों के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी। भवन में तीन सौ लोगों की क्षमता का एक प्रेक्षागृह भी है। इसमें विज्ञान से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री ने दरभंगा तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय का नामकरण तारामंडल सह विज्ञान एवं ज्ञान संग्रहालय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तारामंडल में ब्रह्मांड से संबंधित जो जानकारी दिखाई जा रही है। यदि उसे हिंदी भाषा में बताया जाए तो लोग उसे अच्छे से समझ सकेंगे। दरभंगा में एयरपोर्ट भी बन गया है। बाहर से आनेवाले अब तारामंडल भी देख सकेंगे। मुख्यमंत्री ने पटना के तारामंडल को भी आधुनिक बनाने का निर्देश दिया।