मुख्य समाचार

अधिक बिजली बिल से परेशान बुजुर्ग जनता दरबार में रो पड़े

पटना। बिजली विभाग की मनमानी से परेशान बेतिया जिला के एक बुजुर्ग मुख्यमंत्री के जनता दरबार में रो पड़े। बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि मैं गरीब आदमी हूं। मेरे घर का बिजली बिल बहुत ज्यादा आ गया है। बिल सही कराने के लिए बिजली ऑफिस का चक्कर लगाते-लगाते थक गए हैं।

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को शीघ्र बिजली बिल सही करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधान सचिव से कहा कि बिजली बिल बहुत ज्यादा है। एक गरीब आदमी के घर में इतना बिल कैसे आ सकता है।

कैमूर और लखीसराय जिला से आए लोगों ने भी कहा कि बिजली बिल काफी अधिक आ गया है। विभाग से जांच का आग्रह करने पर कनेक्शन काटने की बात कही जाती है।

मुजफ्फरपुर जिला के एक युवक ने कहा कि पांच साल से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन  दिए हैं, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को शीघ्र ठीक करने का निर्देश ऊर्जा विभाग को दिया।

जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 42 लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री ने सुना और संबंधित विभाग को समाधान के लिए कार्रवाई का निर्देश दिया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

बेतिया जिला से आए एक फरियादी ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। मोतिहारी जिला के एक फरियादी ने कहा कि मेरे पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है। कोई जमीन भी नहीं है। मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत कोई लाभ दिलाने की कृपा करें, ताकि मैं अपने परिवार का भरण पोषण कर सकूं।

दरभंगा जिला के एक युवक ने कहा कि हमारे टोले तक आने के लिए कोई संपर्क पथ नहीं है। कुछ लोगों ने रास्ते को बंद कर दिया है। इससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।

 


संबंधित खबरें