नई दिल्ली। केंद्रीय बजट 2023-24 तैयार करने से पहले नॉर्थ ब्लॉक में हलवा समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एवं डॉ भागवत किसनराव कराड मौजूद रहे। बजट लॉक इन प्रक्रिया शुरू होने से पहले हर साल हलवा समारोह आयोजित किया जाता है।
पिछले दो बजट की तरह केंद्रीय बजट 2023-24 भी एक फरवरी को कागज रहित पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री के बजट भाषण के बाद बजट दस्तावेज मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगा। यह अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। ऐप को केंद्रीय बजट वेब पोर्टल www.indiabudget.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
हलवा समारोह में केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ वित्त सचिव डॉ टी.वी. सोमनाथन, आर्थिक कार्य के सचिव अजय सेठ, सचिव तुहिन कांता पांडेय, राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. अनंत वी.नागेश्वरन, सीबीडीटी के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड के अध्यक्ष विवेक जौहरी, अपर सचिव आशीष वछानी एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।