एमवी गंगा विहार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने किया। अब पर्यटक गंगा में सैर के साथ लजीज व्यंजन का भी आनंद ले सकेंगे। खास मौकों पर भी इसकी बुकिंग की जा सकेगी। एमवी गंगा विहार को इस बार पहले से काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। छह हजार वर्गफुट में बने रेस्टोरेंट में सौ लोगों के बैठने की क्षमता है।
मेंटेनेंस सही तरीके से नहीं होने के कारण छह साल से यह एनआईटी के समीप गांधी घाट पर बंद पड़ा था। आईआईटी खड़गपुर के इंजीनियरों की मदद से इसकी रिपेयरिंग की गई है। बिहार पर्यटन विकास निगम ने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की देखरेख की जिम्मेवारी संध्या सम्राट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी है।
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का शुल्क : पर्यटकों को गांधी घाट से दीघा घाट या गाय घाट के एक घंटे के सफर के लिए तीन सौ रुपए का भुगतान करना होगा। तीन से छह साल के बच्चे का शुल्क दो सौ रुपए है।
शाम का बुकिंग शुल्क (40 लोगों के लिए) : दो घंटे का 25000 (कर अतिरिक्त), तीन घंटे का 35000, चार घंटे का 45000, पांच घंटे का 51000 । सुबह सात बजे से दस बजे तक 40 लोगों के लिए 35000 (कर अतिरिक्त) खर्च करने होंगे।