मुख्य समाचार

शहीद तिलकामांझी के जयंती समारोह में शामिल हुए सीएम

भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में भागलपुर में शहीद तिलकामांझी के जयंती समारोह में शामिल हुए। तिलकामांझी चौक स्थित प्रतिमा पर उन्होंने  मार्ल्यापण कर श्रद्धांजलि दी। समारोह का आयोजन तिलकामांझी (मुर्मू) आदिवासी सुसार बैसी ने किया था। इस मौके पर आदिवासी कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया।

समाधान यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। जगदीशपुर ब्लॉक की खीरीबांध पंचायत स्थित गणेशपुर तिनपुलिया गांव में विकास कार्यों का जायजा लिया और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में शॉपिंग कॉम्पलेक्स की चाबी जीविका दीदियों को दी।

मुख्यमंत्री ने अलीगंज में बिहार स्पिनिंग मिल परिसर स्थित आश्रय स्थल की छत पर ब्रेडा के ग्रिड कनेक्टेड रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने सीपेट (केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियंत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) के निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया और उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक को आवश्यक निर्देश दिया। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत भागलपुर जिले के 61 लाभुकों को चेक भी दिया गया।

जिले की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज काफी पहले बना है। स्थल निरीक्षण और एरियल सर्वे से भी कॉलेज को देख चुके हैं। गंगा के किनारे सुरक्षा बहुत जरूरी है। गंगा के जल स्तर बढ़ने पर पूरा इलाका बाढ़ या जलजमाव से प्रभावित हो जाता है। यहां के लोग सुरक्षित रहें। इसको ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने काम तेजी से शुरू करने का निर्देश दिया।

इस दौरान भागलपुर जिला के प्रभारी सह कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, मंत्री संजय कुमार झा एवं अशोक चौधरी, स्थानीय सांसद एवं विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें