मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने कहा, समाधान यात्रा काफी अच्छी रही

पटना। पांच जनवरी को बेतिया जिले से शुरू हुई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा 16 फरवरी को पटना में समाप्त हो गई। ज्ञान भवन में पटना जिले की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि समाधान यात्रा काफी अच्छी रही। इस दौरान बिहार के सभी जिलों की हमने यात्रा की और लोगों की बातें भी सुनी।

समाधान यात्रा का उद्देश्य था जो योजनाएं चल रहीं हैं, उनकी प्रगति को देखना। इसके अलावा और क्या होना चाहिए ताकि लोगों को सुविधा मिले। इसी उद्देश्य को लेकर हमलोगों ने सभी जगहों की यात्रा की है।

यात्रा के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओ को भी बताया। जिलों की समीक्षा बैठक में सांसद, विधायक और विधान पार्षदों ने अपनी बातें कहीं। हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी चीजों को देखते हुए कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौथे कृषि रोडमैप पर हमलोग किसानों के साथ बैठक करेंगे। समाधान यात्रा के दौरान सभी जगहों पर कृषि को लेकर काफी जानकारी मिली है। लोगों के हित में काम करना मेरी जिम्मेवारी है।

देश की यात्रा पर निकलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अलग चीज है। इस पर अलग से बात करेंगे। जीतन राम मांझी की यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी यात्रा कर सकता है। कोई कहीं भी जा सकता है। यह सबका अधिकार है। समाधान यात्रा लोगों के हित में सरकार की तरफ से किया गया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव की मुलाकात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी इन सब चीजों पर चर्चा की जरूरत नहीं है।

बिहार में कैबिनेट विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट में कुछ जगह खाली है। सब लोग आपस में बात कर लेंगे। जब चाहेंगे हो जायेगा। यह कोई इश्यू नहीं है। पटना जिले की समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सह पटना जिले के प्रभारी मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें