मुख्य समाचार

कुंवर सिंह पार्क में दो दिवसीय बागवानी महोत्सव का शुभारंभ

पटना। दो दिवसीय बागवानी महोत्सव (25-26 फरवरी) सह प्रतियोगिता कार्यक्रम का शुभारंभ वीर कुंवर सिंह पार्क में कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने किया। उद्यान निदेशालय ने आम एवं मखाना महोत्सव के बाद बागवानी महोत्सव का आयोजन किया है।

महोत्सव में राज्य के सभी जिलों से 7837 प्रदर्श के साथ 1216 किसान भाग ले रहे हैं। ऐसे आयोजन से किसान एक-दूसरे से खेती की जानकारी प्राप्त करते हैं और अपने अनुभवों को साझा करते हैं।

इस मौके पर कृषि सचिव ने कहा कि बागवानी क्षेत्र में बिहार अग्रणी राज्य बन गया है। पहले बागवानी फसल कम लगाई जाती थी। अब किसान दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं। महोत्सव में सामान्य रूप से उत्पादित फल, फूल, सब्जी के अलावा पॉली हाउस में उत्पादित सब्जी (शिमला मिर्च, चेरी टमाटर, सीड्लेस खीरा), यूरोपियन सब्जी (ब्रोकली, रेड कैबेज), मशरूम, मखाना, विशिष्ट फल (स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, रसभरी मकोई), शहद एवं पान को भी शामिल किया गया है।

बागवानी महोत्सव में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विभाग (असम सरकार), केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान लखनऊ, केंद्रीय औषधीय एवं सुगंधीय पौधा संस्थान लखनऊ भाग ले रहे हैं। साथ ही बिहार का सेंटर ऑफ एक्सलेंस चंडी एवं देसरी, वैशाली, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, वेजफेड, जीविका, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, उद्योग विभाग का खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय, राज्य के 38 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी अपने उत्पाद के साथ भाग ले रहे हैं।

बिहार के जीआई टैग उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए भी कई स्टॉल लगाये गये हैं। कार्यक्रम में उद्यान निदेशक नंद किशोर, विशेष सचिव विजय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें