पटना। बागवानी महोत्सव में तीस पुरस्कार पाने वाले भागलपुर के चंद्रशेखर सिंह को सर्वश्रेष्ठ बागवान घोषित किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी. राजेंदर ने चंद्रशेखर को दस हजार रुपये का विशिष्ट पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो दिया। वीर कुंवर सिंह पार्क में दो दिवसीय बागवानी महोत्सव (25-26 फरवरी) सह प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन उद्यान निदेशालय ने किया था।
महोत्सव में राज्य के सभी जिलों से 7837 प्रदर्श के साथ 1216 किसान शामिल हुए। प्रतिभागियों का मूल्यांकन कृषि वैज्ञानिकों ने किया। प्रत्येक वर्ग की हर शाखा में तीन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसान एवं कलाकारों को सम्मानित किया गया।
388 चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र के साथ क्रमशः पांच हजार, चार हजार एवं तीन हजार रुपये का पुरस्कार मिला। सभी विजेता किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 15,64,000 राशि भेजी गई।
महोत्सव के दौरान किसान एवं अन्य लोगों ने सेंटर ऑफ एक्सलेंस चंडी (नालंदा) एवं देसरी, वैशाली से उत्पादित सब्जी एवं फल के पौधों को खरीदा। दो दिनों में लगभग 46 हजार मूल्य के पौधों की बिक्री हुई।
पुरस्कार वितरण समारोह में किसान, कृषि वैज्ञानिक, सचिव डॉ एन. सरवण कुमार, उद्यान निदेशक नंद किशोर, बामेती के निदेशक आभांशु सी. जैन, संयुक्त निदेशक राधा रमण एवं उप निदेशक डॉ राकेश कुमार मौजूद रहे।