पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2023-24 के बिहार बजट पर कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने के साथ लोक कल्याणकारी है। बजट उच्चतर आर्थिक विकास, बेहतर वित्तीय प्रबंधन एवं समाज के हर तबके के सर्वांगीण विकास को गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक विकासशील बजट है। इस बजट का आकार 2,37,691 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,61,885 करोड़ रुपये हो गया है। मानव विकास के सभी आयाम, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के साथ आधारभूत संरचनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पहले से चल रही राज्य सरकार की योजनाओं को पूरा करने, अन्य योजनाओं की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन का लक्ष्य रखा गया है। इस बजट से राज्य के सभी क्षेत्र, समुदाय एवं वर्गों का विकास संभव होगा।