मुख्य समाचार

बजट में उद्योग लगाने की चर्चा नहीं : भाजपा

पटना। बिहार बजट 2023-24 पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि बजट में उद्योग लगाने की कोई चर्चा नहीं है। बिहार में एनडीए सरकार के दौरान इथेनॉल के क्षेत्र में जो काम हुआ। वह केंद्र सरकार के सहयोग से ही शुरू हुआ। अब तो उद्योगपति बिहार से पलायन करने लगे हैं। राज्य सरकार की उद्योग के प्रति कोई रूचि नहीं है। बजट में बिहार के विकास के लिए कोई योजना नहीं है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार सरकार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन के प्रयास से बिहार में इथेनॉल सहित कई यूनिट लगे। जीएसटी पर भी गलत जानकारी दी गई है। बिहार को एक लाख करोड़ की राशि जीएसटी के कारण मिलती है। केंद्र सरकार ने मत्स्यजीवियों के लिए अलग से मंत्रालय बनाकर बजट में प्रावधान किया। बिहार सरकार के बजट में इस संदर्भ में कुछ नहीं दिखा।

संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार के वित्त मंत्री यह बताएं कि दस लाख नौकरी को बजट से कहां गायब कर दिया। बिहार के शिक्षक ठगा महसूस कर रहे हैं। राज्य सरकार नल-जल योजना की राशि केंद्र को वापस कर रही है। यह इसलिए हो रहा है कि केंद्र सरकार घोटाले की जांच करेगी। प्रत्येक व्यक्ति का 55 लीटर पानी मिल रहा है या नहीं। इसकी जांच होगी।

उत्तर प्रदेश में सभी पेंशन योजना में एक हजार राशि दी जाती है, जबकि बिहार में वृद्धा पेंशन राशि नहीं बढ़ायी गई। पीडीएस में कुछ नया नहीं है जबकि उत्तर प्रदेश सरकार नमक, तेल, दाल भी मुफ्त दे रही है। बिहार के पीडीएस में सभी सामग्री केंद्र से मिलती है। इसमें बिहार का एक भी पैसा नहीं लगता है।

 


संबंधित खबरें