पटना। बिहार के श्रमिकों पर हमले की जांच के लिए राज्य से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम तमिलनाडु रवाना हो गई है। टीम में सचिव बालामुरगन डी, आईजी पी.कन्नन, श्रम विभाग के विशेष सचिव आलोक कुमार एवं एसपी संतोष कुमार शामिल हैं।
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम तमिलनाडु के उन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी, जहां से श्रमिकों पर हमले की खबरें मिली हैं।
टीम प्रभावित इलाकों में रह रहे बिहार के लोग एवं स्थानीय प्रशासन से बातचीत करेगी। बिहार के लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करायेगी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है।