पटना। औद्योगिक रूप से पिछड़े बिहार के लिए भी एक पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क आवंटन की अपील बिहार चैबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने की है। चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि दो दिन पहले केंद्र सरकार ने यूपी, एमपी, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक एवं गुजरात में पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाने की घोषणा की है। बिहार का नाम नहीं होने से हमें निराशा हुई है।
बिहार के उद्यमी एवं व्यवसायी आशान्वित थे कि बिहार को भी एक पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क अवश्य मिलेगा। टेक्सटाइल पार्क में धागा से कपड़ा तैयार करने, कपड़ों की रंगाई एवं सिलाई से लेकर इनकी पैकिंग एवं ट्रांसपोर्टिग तक के लिए बड़े पैमाने पर लोगों की जरूरत पड़ती है। इसलिए राज्य के युवा वर्ग भी आशान्वित थे कि उन्हें रोजगार का अवसर मिलेगा।
बिहार चैबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि बिहार औद्योगिक रूप से पिछड़ा राज्य है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपनों को साकार करने के लिए यह जरूरी है कि औद्योगिक रूप से पिछड़े राज्य को विकसित होने का अवसर मिले।
चैंबर ने मुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री से भी अनुरोध किया है कि है कि केंद्र सरकार का ध्यान इस संबंध में आकृष्ट कराया जाए। इससे बिहार को भी एक पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क आवंटन की मांग को बल मिल सकेगा।