पटना। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। 22 से 24 मार्च तक समारोह के दौरान कई कार्यक्रम होंगे। उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की है। अपर मुख्य सचिव समारोह की तैयारियों को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इस वर्ष बिहार दिवस को भव्य एवं आकर्षक ढंग से मनाया जाएगा। जिलों में भी कार्यक्रम हो रहे हैं। बिहार दिवस का थीम युवा शक्ति बिहार की प्रगति है।
समारोह में शिक्षा विभाग, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, उद्योग, पर्यटन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम संसाधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य एवं गृह विभाग की ओर से कई कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।
बैठक में पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, पटना सदर के एसडीओ श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, आयुक्त के सचिव प्रीतेश्वर प्रसाद एवं क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी डॉ विद्यानन्द सिंह मौजूद रहे।