पटना। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के सभी किसानों को अगले तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि 30 मार्च से एक अप्रैल तक मौसम पुनः सक्रिय हो सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्के से मध्यम बारिश होगी।
साथ ही कई जगहों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन, हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहने एवं ओलावृष्टि भी हो सकती है। दो अप्रैल से मौसम सामान्य हो जाएगा।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक आशीष कुमार ने किसानों को सलाह दी है -
1. यदि रबी फसल पक चुकी है, तो उसकी कटाई कर लें। कटी हुई फसल को पानी एवं नमी से बचाने के लिए सुरक्षित जगहों पर भंडारण कर लें। यदि अनाज खुले में है, तो उसे त्रिपाल से ढकने की व्यवस्था कर सकते हैं।
2. खराब मौसम के दौरान अपने पशुधन और खुद को बाहर निकलने से बचें। मौसम साफ होने पर ही अपने काम का निपटारा करें।
3. खेत में काम करने के दौरान बिजली चमकने या मेघगर्जन सुनाई देने पर पक्के घर में शरण लें। किसी भी परिस्थिति मे पेड़ के नीचे खड़ा होने से बचें तथा मौसम साफ होने का इंतज़ार करें।