मुख्य समाचार

कोरोना के बढ़ते केस को लेकर सतर्क रहने की अपील

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में कोरोना के बढ़ते केस को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीड़ वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग करें। सभी को अलर्ट और एक्टिव रहना होगा।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के सभी अस्पतालों में पूरी तैयारी रखें। पूरे राज्य में अधिक से अधिक टेस्ट कराएं। जितनी अधिक जांच होगी, कोरोना संक्रमण के मामलों का पता चलेगा। कोरोना के मामले घटे या बढे़ कोरोना की निरंतर जांच जारी रहनी चाहिए।

अस्पतालों में सभी तरह की दवाएं एवं उपकरण उपलब्ध रखें। ऑक्सीजन की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें। सीएम ने कहा कि केंद्र से कोरोना की वैक्सीन नहीं मिल रही है। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार अपनी तरफ से कोरोना वैक्सीन खरीदकर लोगों का टीकाकरण जारी रखेगी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से बिहार में भी कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बिहार में प्रतिदिन कोरोना की बड़ी संख्या में टेस्टिंग हो रही है। कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में दस लाख की आबादी पर कोरोना की औसत जांच छह लाख के करीब है जबकि बिहार में दस लाख की आबादी पर कोरोना की औसत जांच आठ लाख से ज्यादा हो रही है।

बैठक में डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, सीएम के प्रधान सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ एवं सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह मौजूद थे।

 


संबंधित खबरें