पटना। जेपी गंगा पथ परियोजना के बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। मुख्यमंत्री ने खाजेकलां और कंगन घाट जाकर जेपी गंगा पथ निर्माण एवं लिंक पथों के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ के विभिन्न घाटों से जुड़ जाने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। पटना आने एवं जानेवालों का भी संपर्क सुगम हो जाएगा। इसलिए गंगा पथ परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करें। इसके लिए जो भी चीज की जरूरत होगी, उसे उपलब्ध कराया जायेगा।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं डॉ एस. सिद्धार्थ, सचिव अनुपम कुमार, डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।