पटना/नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में बिहार के बक्सर जिला की गरिमा लोहिया ने दूसरा स्थान हासिल किया है। गरिमा ने किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री ली है। वैकल्पिक विषय के रूप में उन्होंने वाणिज्य और लेखा विषय लिया था। पटना के राहुल श्रीवास्तव ने दसवां स्थान प्राप्त किया है।
यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा, 2022 का अंतिम रिजल्ट आज जारी कर दिया। टॉप फाइव में चार महिलाएं हैं।

इशिता किशोर ने पहला स्थान हासिल किया है। वैकल्पिक विषय के रूप में उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय का चयन किया था। इशिता ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दिल्ली से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री ली है। तीसरे स्थान पर उमा हरथी एन और स्मृति मिश्रा चौथे स्थान पर रहीं।
टॉप 25 सफल उम्मीदवारों में 14 महिलाएं और 11 पुरुष हैं। यूपीएससी ने विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए 933 उम्मीदवारों की सिफारिश की है। इनमें 613 पुरुष और 320 महिलाएं हैं। साक्षात्कार में 2529 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।