पटना। मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं डीजीपी राजविंदर सिंह भट्टी ने बालू के अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है। एनडीआरएफ, बिहटा के सभाकक्ष में हुई बैठक में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों का सख्ती से पालन होना चाहिए। जिन घाटों की बंदोबस्ती नहीं हुई है,वहां खनन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
जिन घाटों की बंदोबस्ती हो गई है, वहां नियम के तहत ही खनन होना चाहिए। इसकी निगरानी पुलिस एवं खनन विभाग के पदाधिकारी करेंगे। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध छापेमारी जारी रखें।

बैठक के बाद मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने परेव गांव में कोइलवर पुल के समीप बालू घाटों का अन्य पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। पटना जिला के लिए कोइलवर पुल से पहले एवं भोजपुर जिला के लिए कोइलवर पुल के बाद स्थायी चेकपोस्ट निर्माण के लिए जगह चिन्हित किया गया। जब्त गाड़ियों को रखने के लिए भी जगह की पहचान की गई।
बैठक में मौजूद अधिकारी : खनन एवं भूतत्व विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, आईजी पटना राकेश राठी, डीआईजी शाहाबाद क्षेत्र नवीन चंद्र झा, पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी राजीव मिश्रा, भोजपुर के डीएम राजकुमार एवं एसपी प्रमोद कुमार यादव।