मुख्य समाचार

ट्रेन हादसे के जिम्मेवार लोगों को मिलेगी सख्त सजा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ओडिसा ट्रेन दुर्घटना के जिम्मेवार लोगों को सख्त सजा मिलेगी। सरकार के लिए यह घटना अत्यंत गंभीर है। हर तरह की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। बालासोर में दुर्घटना स्थल पर राहत कार्यों का जायजा एवं अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जानने के बाद प्रधानमंत्री ने मीडिया को संबोधित किया। 

संबोधन में उन्होंने कहा कि एक भयंकर हादसा हुआ। असहनीय वेदना मैं अनुभव कर रहा हूं। कई राज्यों के नागरिकों ने इस यात्रा में कुछ न कुछ गंवाया है। कई लोगों ने अपना जीवन खोया है। घटना मन को विचलित करने वाली है।

जो घायल हैं, सरकार उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। जो परिजन हमने खोए हैं, वे वापस नहीं ला पाएंगे, लेकिन सरकार परिजनों के दुख में उनके साथ है। 

मैं उड़ीसा सरकार, स्थानीय प्रशासन एवं लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं। उन्होंने इस संकट की घड़ी में चाहे ब्लड डोनेशन हो या राहत कार्य। सबमें मदद की है। खासकर युवाओं ने रातभर मेहनत की है। रेलवे ने भी बचाव कार्य एवं यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए तेजी से काम को आगे बढ़ाया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं सारी चीजों को देख करके आया हूं। अस्पताल में घायल नागरिकों से मैंने बात की है। इस वेदना को प्रकट करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इन घटनाओं से बहुत कुछ सीखेंगे। नागरिकों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपनी व्यवस्थाओं को और मजबूत करेंगे। 
 


संबंधित खबरें