मुख्य समाचार

पुल गिरने की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से हो : भाजपा

पटना। भाजपा ने अगुवानी और सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहे फोरलेन महासेतु के गिरने की जांच पटना हाईकोर्ट के सिटिंग जज या सीबीआई से कराने की मांग की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार गड़बड़ी करने वालों से ही जांच कराना चाहती है। इस मामले में ठेकेदार किसने बहाल किया, किस रिपोर्ट के आधार पर निर्माण तकनीक को अपनाया गया समेत सबकी जांच होनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि बिहार में पहले विकास की चर्चा होती थी, लेकिन आज पुल ध्वस्त होने की चर्चा हो रही है। जनता के जिस पैसे का नुकसान हुआ है। उसे दोषी लोगों से वसूला जाना चाहिए।

संवाददाता सम्मेलन में पूर्व पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि इस पुल का निर्माण ईपीसी एग्रीमेंट के तहत हो रहा था। इसका डिजाइन 2016 में फाइनल किया गया था और उस समय किसकी सरकार थी। सभी जानते हैं।

सरकार में रहने के दौरान हमलोगों ने आईआईटी रुड़की और एनआईटी से जांच कराई तब सभी बातें सामने आ गई। इस पुल का निर्माण रोकने की जगह शुरू करा दिया गया। 

नितिन नवीन ने कहा कि मार्च में विधानसभा में भी विधायक डॉ संजीव कुमार और अजीत शर्मा के प्रश्न के उत्तर में डिप्टी सीएम सह पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव ने पुल का काम सही ढंग से होने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि काम बहुत अच्छे से हो रहा है और 2023 तक पूरा हो जाएगा। 

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल, विवेकानंद पासवान, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिंह, अशोक भट्ट एवं राजेश कुमार झा उपस्थित रहे।
 


संबंधित खबरें