पटना। ग्रामीण कार्य विभाग की 5061 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ एवं उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। योजनाओं की लागत 6,680.67 करोड़ रुपये है। इनमें 1554 करोड़ रुपये लागत की 1362 योजनाओं का उद्घाटन, 3172 करोड़ रुपये लागत की 2260 योजनाओं का शिलान्यास एवं 1954 करोड़ रुपये लागत की 1439 योजनाओं का कार्यारंभ है। इसके तहत 5030 ग्रामीण पथ एवं 31 पुल निर्माण की योजना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 में ग्रामीण कार्य विभाग शुरू हुआ था। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ किसानों को फसल की बिक्री में भी सुविधा हुई। वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी। इसके तहत सौ प्रतिशत राशि केंद्र सरकार देती थी। 2015 में खर्च का अनुपात 60: 40 हो गया। वर्तमान में अब यह अनुपात 50: 50 है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया एवं भवनों का मेंटेनेंस विभाग को ही करना है। इसके लिए जितने इंजीनियर और कर्मी की जरूरत है। उसकी बहाली तेजी से कराएं। जो इंजीनियर अच्छा काम करते हैं, उनके काम की काफी तारीफ क्षेत्र के लोग करते हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर होने के बाद भी इंजीनियर की यह जिम्मेवारी है कि वह जाकर देखे कि काम में देरी क्यों हो रही है। काम कैसा हो रहा है।
कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सह ग्रामीण कार्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने भी संबोधित किया।