मुख्य समाचार

किसानों को लोन देने में मदद करे बैंक : मंत्री

कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि किसान बहुत उम्मीद के साथ बैंकों में ऋण के लिए आवेदन करते हैं और बिना उचित कारण उसे अस्वीकृत कर दिया जाता है। सभी योग्य किसानों को कृषि ऋण मिलना चाहिए। अब तक की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रपत्र ऐसा हो कि किसानों को आवेदन करने में कोई कठिनाई नहीं हो। इसके साथ बैंक भी अपने स्तर से फॉर्म भरने में किसानों की मदद करें। 

राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति की कृषि उप समिति की बैठक में कृषि मंत्री ने कहा कि सभी बैंक अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) उपलब्ध कराएं। केसीसी देने के बाद किसानों से लगातार संपर्क कर उन्हें समय पर राशि वापस करने के लिए प्रोत्साहित भी करें। किसान जानकारी के अभाव में समय पर राशि वापस नहीं कर पाते हैं। इससे वे ब्याज पर अनुदान के लाभ से वंचित हो जाते हैं। 

कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि कृषि ऋण को कई बैंक प्राथमिकता नहीं देते हैं। आरबीआई के प्रतिनिधि से उन्होंने कुछ बैंकों के कृषि ऋण वितरण डाटा को चेक करने पर जोर दिया। सचिव ने बैंकों के प्रतिनिधियों से स्पष्ट कहा कि किसानों को सही समय पर ऋण देना हम सबका कर्तव्य है। 

बैठक में वित्त विभाग की निदेशक अभिलाषा शर्मा, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार, नाबार्ड के डीजीएम बीडी नायक,एसबीआई के डीजीएम अजीत पांगरेकर, राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक संजीव कुमार सिंह एवं विभिन्न बैंकों के राज्य समन्वयक मौजूद रहे।  
 


संबंधित खबरें