पटना, मुजफ्फरपुर और आरा में 16 जुलाई से टमाटर की बिक्री 80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से शुरू हो गई है। 17 जुलाई से इसी दर पर और अधिक शहरों में बिक्री का विस्तार किया जाएगा। लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार इससे पहले 90 रुपये प्रति किलो की दर से बिक्री कर रही थी।
देश के कई शहरों में टमाटर की कीमत 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। सरकार के हस्तक्षेप के बाद टमाटर की थोक कीमतों में कमी आई है। देश के पांच सौ से अधिक स्थानों पर स्थिति का आकलन करने के बाद 16 जुलाई से टमाटर को 80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने का निर्णय लिया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) और राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) के माध्यम से दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, पटना, मुजफ्फरपुर और आरा में विभिन्न स्थानों पर टमाटर की बिक्री शुरू कर दी गई है।
